
वॉशिंगटन/लंदन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 37 लाख 26 हजार 668 लोग संक्रमित हैं। दो लाख 58 हजार 295 की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लाख 41 हजार 908 लोग ठीक हो चुके हैं। नेपाल कैबिनेट ने देश में 18 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है। यहां अब तक एक भी मौत नहीं हुई है। वहीं, ईरान में संक्रमितों की संख्या एक लाख के करीब हो गई है. जबकि 6340 लोगों की मौत हो चुकी है।
यूरोप में अब तक एक लाख 44 हजार 102 लोगों की जान जा चुकी है। यहां इटली (29,315) के बाद अब ब्रिटेन महामारी का केंद्र बनता जा रहा है। यहां सबसे ज्यादा 29 हजार 427 लोग जान गंवा चुके हैं। यूरोप में ब्रिटेन, इटली, स्पेन और फ्रास में ही केवल एक लाख 9 हजार 886 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 12,37,761 | 72,275 | 2,00,669 |
स्पेन | 2,50,561 | 25,613 | 1,54,718 |
इटली | 2,13,013 | 29,315 | 85,231 |
ब्रिटेन | 1,94,990 | 29,427 | उपलब्ध नहीं |
फ्रांस | 1,70,551 | 25,531 | 52,736 |
जर्मनी | 1,67,007 | 6,993 | 1,35,100 |
रूस | 1,65,929 | 1,537 | 21,327 |
तुर्की | 1,29,491 | 3,520 | 73,285 |
ब्राजील | 1,15,953 | 7,958 | 48,221 |
ईरान | 99,970 | 6,340 | 80,475 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं
रूस: संक्रमण में तेजी
रूस में लगातार चौथे दिन 10 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। मंगलवार को 10,559 केस मिले। देश में अब तक संक्रमण के आंकड़े एक लाख 65 हजार 929 हो गए हैं। वहीं, 1537 लोग ठीक हुए हैं और 21 हजार 327 स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले कुछ दिनों से देश में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

द.कोरिया: संक्रमण के 2 नए मामले
दक्षिण कोरिया में बुधवार को संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,806 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को वायरस के तीन नए केस मिले थे। बुधवार को सामने आए दोनों नए मामले विदेश से देश में आए हैं। 24 घंटे के दौरान एक भी मौत नहीं हुई है। यहां अब तक 255 जान जा चुकी है। देश में 9,333 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

ब्रिटेन: 24 घंटे में 693 मौतें
ब्रिटेन में एक दिन में 693 लोगों की मौत हुई है और 4406 नए केस मिले हैं। यहां संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख 94 हजार 990 हो गया है। यहां ‘प्रोफेसर लॉकडाउन’ के नाम से मशहूर प्रोफेसर नील फर्ग्यूसन ने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर इस्तीफ दे दिया है। वे ब्रिटेन सरकार के मुख्य सलाहकार थे। उनके सलाह पर ही प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने 23 मार्च को देश में लॉकडाउन की घोषणा की थी।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 25 हजार से ज्यादा मौतें
अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में अब तक 25 हजार 204 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां तीन लाख 30 हजार 139 संक्रमित हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को देर रात जारी किए गए आंकड़ों में नर्सिंग होम में 1,600 से ज्यादा ऐसी मौतों का पता चला, जिसकी जानकारी नहीं थी। 3 मई के आंकड़ों के अनुसार, नर्सिंग होम में 4813 लोगों की जान गई है। नए डेटा में नर्सिंग होम के उन लोगों को शामिल नहीं किया गया है जिनकी मौत अस्पताल में हुई है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को कहा कि व्हाइट हाउस कोरोना टास्क फोर्स अब खत्म कर दिया जाएगा।
- अमेरिका में हर दिन औसतन 20 हजार कोरोना के केस सामने आ रहे, जबकि एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं।
- अमेरिका में अभी 12 लाख 37 हजार 633 लोग संक्रमित हैं, जबकि 72 हजार से ज्यादा जान जा चुकी है।

व्हाइट हाउस अर्थव्यवस्था खोलने वाले समूह का गठन करेगा- ट्रम्प
ट्रम्प ने कहा कि व्हाइट हाउस कोरोना टास्क फोर्स के स्थान पर अर्थव्यवस्था खोलने वाले समूह का गठन करेगा। जहां तक टास्क फोर्स का सवाल है उपराष्ट्रपति माइक पेंस और टास्क फोर्स ने बहुत अच्छा काम किया है। सुरक्षित ओपनिंग के लिए हमें अलग से एक समूह का गठन करना होगा। पेंस की अध्यक्षता वाली टास्क फोर्स ने स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर कोरोना की शुरुआत से देश का प्रभावी तरह मार्गदर्शन कर रही है। उन्होंने एबीसी न्यूज को बताया कि संभव है कि अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के बाद कुछ मौतें होगी।

ईरान: 1323 नए मामले
ईरान में एक दिन में 1323 नए मामले सामने आए हैं और 63 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले यहां 74 जान गई थी। यहां संक्रमितों की संख्या 99 हजार 970 हो गई है। सरकार ने यहां संक्रमित इलाकों के आधार पर मस्जिदें दोबारा खोलने की अनुमति दी है।

इटली: अब तक 29,315 मौतें
इटली में मरने वालों की संख्या 29,315 हो गई है। यहां अब तक 2 लाख 13 हजार 13 संक्रमित हैं। अमेरिका और ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा मौतें इटली में ही हुई हैं। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख एंजेलो बोरेली ने मंगलवार को बताया कि 24 घंटे में 236 लोगों की मौत हुई है। सोमवार के 195 जान गई थी। देश में 10 मार्च से लागू लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ाया गया था। इसके बाद कुछ दुकानों को खोलने की छूट दी गई है। इटली में 21 फरवरी को पहला मामला सामने आया था।

पाकिस्तान: एक दिन में 40 मौतें
पाकिस्तान में एक दिन में 40 लोगों की मौत हो गई। यह एक हर दिन होने वाली मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। स्वास्थ्य विभाग ने 1049 नए केस की भी पुष्टि की है। देश में अब 22 हजार 550 संक्रमित हो गए हैं और 526 लोगों की मौत हो चुकी है। एक दिन पहले देश में 1315 नए केस मिले थे। सोमवार को प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा था कि उनकी गिरती अर्थव्यवस्था को बचाने और दिहाड़ी मजदूरों को मदद करने के लिए प्रतिबंधों में ढील देने की योजना है। यहां 9 मई तक लॉकडाउन लगा है।
भारत में फंसे 193 पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश भेजा गया
महामारी फैलने के बाद भारत में फंसे 193 पाकिस्तानी नागरिकों को मंगलवार को वाघा बॉर्डर के जरिए अपने देश भेजा गया। नागरिकों को मंगलवार को लाहौर ले जाया गया। इस महीने की शुरुआत में पहले चरण में लगभग 41 नागरिकों को वाघा बॉर्डर से उनके देश भेजा गया था।

न्यूजीलैंड: दो नए मामले मिले
न्यूजीलैंड में 24 घंटे के दौरान दो नए मामले सामने आए हैं। वहीं, एक मरीज की मौत हो गई। प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट न्यूजीलैंड में अपनी क्लाउड सेवाओं के लिए एक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए निवेश करेगा। माइक्रोसॉफ्ट जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को देश की अर्थव्यवस्था में पूर्ण विश्वास नहीं होता तो निवेश नहीं करती। यह दुनिया को संकेत है कि यहां व्यापार की संभावनाएं खुली हुई हैं।

चीन: दो नए मामले मिले
चीन की नेशनल हेल्थ कमीशन ने बुधवार को कहा कि देश में महामारी के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमण के कुल आंकड़े 82 हजार 883 हो गए हैं। दोनों नए मामले शांक्सी प्रांत के है। बाहर से आए मामलों में से कुल 1400 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई और 278 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर है। बाहर से आये मामलों में कोई मौत नहीं हुई है। वहीं, वुहान में स्कूल खुल गए हैं।